डिवाइडर की मांग के दो दिन बाद ही हादसा: फरसाटार चट्टी पर 15 वर्षीय किशोर की मौत, दो गंभीर!

बिल्थरारोड (बलिया):
उभाँव थाना क्षेत्र के फरसाटार चट्टी के पास शनिवार अपराह्न करीब 4 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मोटरसाइकिल और अमूल दुग्ध वाहन (पिकअप) की आमने-सामने टक्कर से हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पलिया खास गांव निवासी मुकेश कुमार (15) पुत्र शिव कुमार पासवान अपने दो दोस्तों धीरज पासवान (17) पुत्र राजकुमार और लव गुप्ता (16) पुत्र अकालू गुप्ता के साथ बाइक से बेल्थरारोड आ रहा था। जैसे ही वे फरसाटार चट्टी के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस द्वारा उन्हें सीएचसी सीयर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं धीरज और लव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज सीयर मुकेश कुमार, उपनिरीक्षक सुभाष चंद, एसआई सुमित त्रिपाठी व एसआई शकील अहमद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक मुकेश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गौरतलब है कि हादसे से महज दो दिन पहले ही नगर पंचायत बेल्थरा रोड वार्ड नंबर 5 के सभासद सद्दाम द्वारा एसडीएम को इस सड़क पर डिवाइडर बनवाने के लिए ज्ञापन सौंपा गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर डिवाइडर न होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और प्रशासन की अनदेखी के चलते लगातार जानें जा रही हैं। लोगों ने तत्काल डिवाइडर निर्माण और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *