बिजली विभाग के कर्मचारी व उसके मित्र से मारपीट मामला पहुंचा थाने !

उभांव थाना क्षेत्र के डीएसपी हेड नहर के समीप एक दर्जन युवको ने एक विद्युत कर्मचारी सहित दो युवकों को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों को सीएचसी सीयर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

उभांव थाना क्षेत्र में गुंडागर्दी बढ़ गई है। पुलिस द्वारा इन पर प्रभावी कार्रवाई न होने से उनके हौसले बुलंद हैं। शनिवार को भी युवाओं के एक गुट द्वारा दिव्यांग विद्युत कर्मचारी व उसके मित्र को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मधुबन थाना क्षेत्र के दरगाह निवासी प्रशांत यादव (28 वर्ष) अवायां विद्युत उपकेंद्र पर एसएसओ के पद पर कार्यरत हैं। प्रशांत एक पैर से दिव्यांग भी हैं। घटना के सम्बन्ध में उन्होंने बताया कि वह नहर कालोनी के आवास में रहते हैं। आज शाम बाजार जाने के लिए उन्होंने अपने मित्र दिलीप यादव (23 वर्ष) को बाइक लेकर चलने के लिए बुलाया था। इसी दौरान वहां एक दर्जन युवाओं का गुट भी मौजूद था। बताया कि जब वह वहां से चलने लगे तो उन लोगो ने उससे किसी नेपाली के बारे में पूछताछ की। जब मैंने कहा कि मैं उसे नहीं जानता हूँ तो उन्होंने हमारे साथ मारपीट शुरू कर दिया। देखते ही देखते वे मेरे मित्र दिलीप व मुझे ईंट व डंडे से मारना शुरू कर दिया। जब मैंने दिलीप की पिटाई का वीडियो बनाना शुरू किया तो उन्होंने मेरा मोबाइल फोन भी छीन लिया। इसी दौरान किसी ने इसकी सूचना 112 नम्बर पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी सीयर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनके सिर में गंभीर चोट को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *