उभाँव थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा: रोडवेज बस की टक्कर से घायल 26 वर्षीय अकबर की इलाज के दौरान मौत!





बिल्थरा रोड बलिया जनपद के उभाँव थाना क्षेत्र में होली के दिन हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार रसड़ा निवासी हीताका पूरा, घोड़ा चौक के पास रहने वाले अकबर पुत्र मंजूर अहमद (उम्र लगभग 26 वर्ष) होली के दिन रात करीब 9 बजे मोटरसाइकिल से बस स्टेशन की तरफ से चौकिया मोड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उभाँव थाना क्षेत्र के विशाल चित्र मंदिर रोड वाले मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही रोडवेज बस में टक्कर हो गई
टक्कर इतनी भीषण थी कि अकबर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर किया लेकिन परिवार वाले उन्हें मऊ ले गए मऊ में भी स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बीएचयू वाराणसी भेजा गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद शुक्रवार की रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
बताया जा रहा है कि अकबर रसड़ा में चौरसिया पेट्रोल टंकी के सामने स्थित “अलमतान रेस्टोरेंट” में काम करते थे। वे चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और मोहल्ले में मातम पसर गया।
पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल रोडवेज बस को अपने कब्जे में ले लिया गया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेजने की तैयारी की जा रही है।
इस संबंध में इंस्पेक्टर संजय शुक्ला ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है, साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
