सोनार समाज के हित में भाजपा नेता यशवीर सिंह वर्मा “रिंकू” की बड़ी मांग, सोनार आयोग गठन की उठाई आवाज!

बलिया जनपद के बिल्थरा रोड नगर निवासी भाजपा नेता यशवीर सिंह वर्मा “रिंकू” ने सोनार समाज के साथ हो रही विभिन्न अन्यायपूर्ण घटनाओं को लेकर अपनी ही सरकार से कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं। उन्होंने सोनार समाज के हितों की रक्षा के लिए सोनार आयोग के गठन की जोरदार मांग की है।
मोहन मार्केट स्थित अपने जनसंपर्क कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में लगभग एक करोड़ से अधिक लोग सोनार समाज से जुड़े हुए हैं, जो मुख्य रूप से सोने-चांदी के पारंपरिक व्यापार के माध्यम से अपनी आजीविका चलाते हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से इस समाज के साथ होने वाली अन्यायपूर्ण घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।
उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि सोनार समाज की समस्याओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द सोनार आयोग का गठन किया जाए। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर सोनार व्यापारियों के लिए शस्त्र लाइसेंस की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, ताकि वे अपनी दुकानों और व्यवसाय की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।
यशवीर सिंह वर्मा ने यह भी मांग की कि ऑनलाइन ज्वेलरी बिक्री के नियमों को सख्त किया जाए, जिससे छोटे और मझोले सोनार दुकानदारों का व्यापार सुरक्षित रह सके और उन्हें आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।
इसके अलावा उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 411, 412 और 317 के अंतर्गत नियमों में ढील देने की मांग करते हुए कहा कि इन मामलों में आरोप लगते ही तत्काल गिरफ्तारी के बजाय पहले पूरी निष्पक्ष जांच की व्यवस्था होनी चाहिए, उसके बाद ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
गौरतलब है कि भाजपा नेता यशवीर सिंह वर्मा “रिंकू” लगातार जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने बिल्थरा रोड रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को भी प्रमुखता से उठाया था।
