तीन दिन बाद भी चोरी का खुलासा नहीं, मुकदमा दर्ज होने का इंतजार; पुलिया के नीचे मिला खाली बक्सा !

बिल्थरा रोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के समसुद्दीनपुर गांव में हुई चोरी की घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पीड़ित परिवार की तहरीर दिए जाने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है। वहीं, चोर चोरी किए गए बक्से से नकदी और कीमती आभूषण निकालकर उसे पशुहारी गांव के समीप एक पुलिया के नीचे फेंक गए। बक्से को साड़ी से ढक दिया गया था, जबकि उसमें रखे सिंहोरा से सिंदूर निकालकर पास के खेत में बिखेर दिया गया, जिससे लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
बताया जाता है कि सोमवार की रात समसुद्दीनपुर निवासी धनंजय कुमार के घर चोर कृत्रिम सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर अंदर घुस गए। भीषण गर्मी के कारण परिवार के सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। चोर करीब 25 हजार रुपये नकद और लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। रात करीब ढाई बजे घटना की जानकारी होने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को थाने में तहरीर देने की सलाह दी।
घटना के बाद ग्रामीणों की तलाश में पशुहारी गांव के पास पुलिया के नीचे चोरी किया गया खाली बक्सा बरामद हुआ। उसमें रखी नकदी और आभूषण गायब थे। वहीं, सिंहोरा का सिंदूर पास के खेत में बिखरा मिला। ग्रामीणों का मानना है कि चोरों ने लोगों और पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से ऐसा किया।
घटना के तीसरे दिन भी मुकदमा दर्ज न होने से पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पुलिस की धीमी कार्रवाई से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं।
उधर, उभांव थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं पूरे प्रकरण की निगरानी कर रहे हैं और जल्द से जल्द घटना के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।
