भागलपुर पुल से युवक ने लगाई थी  छलांग, तीस घंटे बाद मिला शव – सीमा विवाद के चलते दो घंटे तक नदी में पड़ा रहा !

भागलपुर, देवरिया।
देवरिया और बलिया को जोड़ने वाले भागलपुर पक्के पुल से एक 20 वर्षीय युवक ने सरयू नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। तीस घंटे बाद उसका शव तुर्तीपार रेलवे पुल के 12वें पिलर के पास बरामद हुआ। शव मिलने के बाद बलिया और देवरिया जनपद की सीमा को लेकर विवाद हो गया, जिससे दो घंटे तक शव नदी में ही पड़ा रहा। अंततः बलिया जनपद के उभांव थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान मऊ जनपद के रामपुर बेलौली थाना क्षेत्र के अलीपुर मर्यादपुर गांव निवासी प्रिंस तिवारी (पुत्र स्व. अजय तिवारी) के रूप में हुई है। प्रिंस ने लगभग 15 दिन पहले बलिया जनपद के भीमपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली नेहा यादव से मंदिर में शादी की थी। नेहा चार दिन पहले अपने मायके आयी थी, और सोमवार को प्रिंस अपने ससुराल गया था। मंगलवार सुबह वह वहां से निकला लेकिन घर न जाकर सीधे भागलपुर पुल पहुंचा। उसने पुल पर अपनी बाइक खड़ी की, चाभी, मोबाइल और अन्य सामान वहीं छोड़ दिया और नदी में छलांग लगा दी।

राहगीरों ने तत्काल भागलपुर चौकी को सूचना दी। मौके पर पहुंची मईल पुलिस ने बाइक व अन्य सामान को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। मृतक के पिता की छह वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है और वह पांच बहनों में इकलौता भाई था। सूचना पाकर मां कंचन देवी और बहनें – रागिनी, श्वेता, सुप्रिया, दीपिका और रितिका – चौकी पर पहुंचीं और बिलखने लगीं। बताया जा रहा है कि दो बहनों की शादी हो चुकी है और प्रिंस ही पूरे परिवार का एकमात्र सहारा था।

युवक की तलाश नाव के जरिए की जाती रही लेकिन मंगलवार को उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को उसका शव तुर्तीपार रेलवे पुल के 12वें पिलर के पास सरयू नदी में तैरता हुआ मिला। सीमा विवाद के कारण शव को बाहर निकालने में देरी हुई। अंततः उभांव थाना प्रभारी आर.पी. सिंह के नेतृत्व में बलिया पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *