सिकंदरपुर में न्याय की नई सुबह: नवागत इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह ने संभाला चार्ज, क्षेत्रवासियों में जगी उम्मीद की किरण !

बलिया, सिकंदरपुर – क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुधवार को नवागत इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह ने सिकंदरपुर थाने का कार्यभार संभाल लिया। पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए स्थानांतरण के तहत उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे मीडिया सेल प्रभारी के रूप में कार्यरत थे।
प्रवीण सिंह की गिनती बलिया जनपद के अनुभवी और कुशल अधिकारियों में होती है। उन्होंने जनपद के कई महत्वपूर्ण थानों में अपनी सेवाएं दी हैं और हर बार अपने कार्य से जनता का विश्वास जीता है। उनके चार्ज संभालते ही क्षेत्रीय लोगों में न्याय और सुरक्षा को लेकर एक नई उम्मीद जगी है।
पूर्व प्रभारी विकास पांडेय अब नव आरक्षियों को प्रशिक्षण देने की अहम जिम्मेदारी निभाएंगे। उनके कार्यकाल में थाने में अनुशासन और कार्यकुशलता की मिसाल देखी गई, जिसे प्रवीण सिंह आगे और भी मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लेकर आए हैं।
चार्ज लेते ही प्रवीण सिंह ने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा, शिकायतों का त्वरित निवारण और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण उनकी प्राथमिकता होगी। स्थानीय लोगों ने उनके स्वागत में खुशी जताई और विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में सिकंदरपुर में न्याय व्यवस्था और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी होगी।
“जनता का विश्वास और अपराध पर नियंत्रण – यही हमारी प्राथमिकता है।”
— इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह
