सोनभद्र सड़क हादसा: अवायां गांव के युवक की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में शोक की लहर!

बिल्थरारोड (बलिया)। सोनभद्र जनपद के हाथीनाला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में उभांव थाना क्षेत्र के अवायां गांव निवासी 32 वर्षीय रमेश चौधरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुर्धवा-हाथीनाला जंगल मार्ग पर दो ट्रेलरों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरे। इस हादसे में बलिया के चितबड़ा निवासी चंदन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए रमेश चौधरी (बेल्थरारोड) और राजस्थान निवासी इमरान खान को पुलिस द्वारा तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात ट्रामा सेंटर में रमेश चौधरी ने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि रमेश चौधरी अपने दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई अमलेश कन्नौजिया समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता हैं। घटना की जानकारी मिलते ही अमलेश कन्नौजिया परिजनों के साथ राबर्ट्सगंज के लिए रवाना हो गए और मौके पर पहुंच गए।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जंगल के सुनसान मार्ग पर तेज रफ्तार और घना अंधेरा इस हादसे की मुख्य वजह बना। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *