उभांव पुलिस की तत्परता: दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

बलिया, 21 मार्च। थाना उभांव क्षेत्र में दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 मार्च को ग्राम कुण्डैल नियामत अली निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी ननद के साथ गांव के ही युवक प्रदीप कुमार सागर ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में थाना उभांव पर मुकदमा संख्या 63/2026 के तहत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। इसी क्रम में शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने तुर्तीपार अंडरपास के पास दबिश देकर आरोपी प्रदीप कुमार सागर (20) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी सुबह करीब 11:30 बजे की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया है।
गिरफ्तारी टीम में निरीक्षक अपराध नरेश कुमार, उपनिरीक्षक रामधारी सोनकर एवं कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।
