उभांव की बेटी ने गोरखपुर में दी जान: स्पाइस जेट की महिला कर्मचारी ने जहर खाकर किया सुसाइड!

बिल्थरा रोड/गोरखपुर।
एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें स्पाइस जेट एयरवेज की एक महिला कर्मचारी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान उभांव थाना क्षेत्र के मालीपुर गांव निवासी शिवांगी वर्मा के रूप में हुई है, जो गोरखपुर में रहकर नौकरी कर रही थीं।
बताया जा रहा है कि शिवांगी वर्मा गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित नंदानगर सैनिक कुंज कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थीं और स्पाइस जेट एयरवेज में सिक्योरिटी एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। घटना से पहले उन्होंने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा था— “जीना नहीं चाहती हूं, जहर खाकर जान देने जा रही हूं।”
सोमवार सुबह मकान मालिक ने जब यह स्टेटस देखा तो तुरंत कमरे पर पहुंचे। दरवाजा बंद मिलने और अंदर से कोई जवाब न आने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया, जहां शिवांगी अचेत अवस्था में बिस्तर पर मिलीं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
परिजनों के अनुसार, शिवांगी अविवाहित थीं और पिछले एक साल से गोरखपुर में रहकर नौकरी कर रही थीं। उनके परिवार में चार बहनें और दो भाई हैं। इस घटना से उभांव-बेल्थरा रोड सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *