बिल्थरा रोड स्टेशन पर समस्याओं की भरमार, यात्रियों की सुविधाओं को लेकर उठा बड़ा सवाल

बिल्थरा रोड। बुधवार को बिल्थरा रोड रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्टेशन की अव्यवस्थाओं और यात्रियों को हो रही परेशानियों पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल वाणिज्य निरीक्षक, मऊ द्वारा की गई।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने स्टेशन पर व्याप्त कई समस्याओं को खुलकर सामने रखा। उन्होंने बताया कि स्टेशन परिसर में अतिक्रमण और ई-रिक्शा के अनियंत्रित संचालन के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ती है।
सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई। फुटओवर ब्रिज का कार्य अधूरा होने के चलते यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार करना पड़ रहा है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इसके अलावा पेयजल, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी भी प्रमुख मुद्दा रही।
समिति के सदस्यों ने यह भी कहा कि तीन जिलों—बलिया, मऊ और देवरिया की सीमा पर स्थित इस महत्वपूर्ण स्टेशन पर कई प्रमुख सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही रेलवे संपत्ति पर हो रही अवैध खुदाई और केबिन नंबर 17 व 19 तक जाने वाले जर्जर मार्ग को लेकर भी चिंता जताई गई। सदस्यों ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक के अंत में समिति द्वारा रेलवे अधिकारियों को एक मांग पत्र सौंपते हुए अतिक्रमण हटाने, फुटओवर ब्रिज निर्माण पूरा करने, ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने और स्टेशन पर मूलभूत सुविधाएं सुधारने की मांग की गई।
इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक सहित समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में यात्रियों को बेहतर सुविधा देने की मांग उठाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *