बिल्थरा रोड में बैंक कर्मचारियों की लापरवाही से योजनाओं पर असर !
बिल्थरारोड / एक ओर योगी सरकार युवाओं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CM-YUVA) जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिसके तहत ₹5 लाख तक का ब्याजमुक्त व गारंटीमुक्त ऋण दिया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर बिल्थरा रोड कस्बे में बैंक कर्मचारियों की लापरवाही और मनमानी रवैये के कारण लोगों को इन योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और स्वरोजगार योजनाओं के फॉर्म महीनों से बैंकों में लंबित पड़े हैं। कई लाभार्थी बार-बार बैंक का चक्कर लगाने के बावजूद निराश होकर लौट रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर बैंक कर्मी अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएं तो बिल्थरा रोड क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं और किसानों को राहत मिल सकती है, और सरकार की मंशा भी सही मायनों में सफल हो सकेगी।
एक उपभोक्ता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उसने अपनी फाइल लगभग छह महीने पहले लगाई थी, लेकिन हर बार “आजकल-आजकल” कहकर टाल दिया जाता है। उसका यह भी कहना है कि कुछ लोग सेटिंग के माध्यम से अपना काम करा लेते हैं, जबकि सामान्य उपभोक्ताओं को महीनों तक इंतजार करना पड़ता है।

