बिल्थरा रोड: ऑटो की टक्कर से रेलवे क्रॉसिंग गेट खराब, 40 मिनट तक लगा भीषण जाम!

बिल्थरा रोड–मधुबन मार्ग पर बृहस्पतिवार को सुबह करीब 10:58 बजे एक बड़ी लापरवाही सामने आई। बेल्थरा रोड की तरफ से मधुबन जा रहे एक ऑटो चालक ने रेलवे क्रॉसिंग गेट में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे फाटक अचानक खराब हो गया।
गेट के खराब होते ही सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और देखते ही देखते जाम की स्थिति बन गई। करीब 40 मिनट तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिसमें बाइक, कार, बस और ट्रक समेत सभी वाहन फंसे रहे। इस दौरान लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, यहां तक कि एंबुलेंस भी जाम में फंस गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर RPF जवान प्रमोद कुमार पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए। रेलवे कर्मियों और पुलिस की टीम ने मिलकर फाटक को ठीक करने का प्रयास शुरू किया।
करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद फाटक को दुरुस्त कर दिया गया, जिसके बाद आवागमन फिर से सामान्य हो सका और लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई है और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *