उभांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मानसिक रूप से दिव्यांग युवती से दुष्कर्म के मामले में 3 वांछित गिरफ्तार

बलिया, 14 अगस्त 2026। थाना उभांव पुलिस ने मानसिक रूप से दिव्यांग युवती से दुष्कर्म और आरोपी का साथ देने तथा धमकी देने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को पीड़िता की मां ने थाना उभांव में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी मानसिक रूप से दिव्यांग पुत्री के साथ राजनाथ पुत्र स्व. सुदर्शन, निवासी शाहपुर अफगा द्वारा बार-बार दुष्कर्म किया गया, जिससे वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि मामले की जानकारी लेने पर राजनाथ के पुत्र अनिल कश्यप और भोला द्वारा गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी गई।
तहरीर के आधार पर थाना उभांव में मु0अ0सं0 185/2026, धारा 64(2)(k), 64(2)(m), 352, 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
होटल से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित मुख्य अभियुक्त राजनाथ प्रसाद बिहार के बक्सर क्षेत्र स्थित स्वास्तिक होटल, भरौली गोविंदपुर में ठहरा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे कमरा नंबर 105 से 14 अगस्त की रात करीब 00:10 बजे गिरफ्तार कर लिया।
दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
इसके बाद पुलिस ने शाहपुर अफगा निवासी अनिल कश्यप पुत्र राजनाथ और भोला पुत्र स्व. सुदर्शन को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने तामिला से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों को करीब 10:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त
- राजनाथ पुत्र स्व. सुदर्शन, निवासी शाहपुर अफगा, थाना उभांव, बलिया
- अनिल कश्यप पुत्र राजनाथ, निवासी शाहपुर अफगा, थाना उभांव, बलिया
- भोला पुत्र स्व. सुदर्शन, निवासी शाहपुर अफगा, थाना उभांव, बलिया
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक, उपनिरीक्षक सुमित कुमार समेत कांस्टेबल सर्वजीत गुप्ता, दीपक यादव, विक्रम सिंह, जितेन्द्र मौर्या, पवन मिश्रा, विक्की यादव, प्रवीण यादव तथा महिला कांस्टेबल अपर्णा मिश्रा और आयुषी मिश्रा पुलिस टीम में शामिल रहीं।
पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी रसड़ा श्री रजनीश कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
