वैश्य समाज का शक्ति प्रदर्शन: बाबा गणिनाथ पूजनोत्सव पर निकला ऐतिहासिक जुलूस

बिल्थरारोड
नगर के सीयर पुलिस चौकी के पास प्रस्तावित धर्मशाला की भूमि पर शनिवार को कुलगुरु संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ जी महाराज के पूजनोत्सव का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ। विधिवत पूजन के उपरांत नगर में एक भव्य झांकी जुलूस निकाला गया, जिसमें ऊंट और घोड़ों के साथ समाज की झलक ने लोगों को आकर्षित किया। महिलाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी से नगरवासी देर तक उत्सव में डूबे रहे।

जुलूस पूजन स्थल से नगर भ्रमण करते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा, जहां मंच से मद्धेशिया वैश्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि दिनेश गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत स्मृतिचिन्ह व अंगवस्त्र भेंटकर किया।

मुख्य अतिथि भटनी नगर पंचायत चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा— “वैश्य समाज अगर एकजुट हो जाए तो राजनीति की दिशा बदलने की ताकत रखता है। हम किसी को अपने बल पर जिताना भले ही न कर सकें, मगर हार का सबब अवश्य बन सकते हैं। जिस दिन इस शक्ति का अहसास करा देंगे, राजनीति में हमारा वर्चस्व होगा।”

भाजपा नेता व पूर्व मंत्री छट्ठू राम ने समाज के आर्थिक व सामाजिक योगदान को रेखांकित करते हुए बाबा गणिनाथ को संत परंपरा का दिव्य प्रतीक बताया। वहीं पूर्व विधायक गोरख पासवान ने कहा कि “मद्धेशिया समाज केवल अपने ही नहीं, बल्कि सभी वर्गों के विकास की सोच रखता है। बेल्थरारोड इसका जीवंत उदाहरण है।”

समारोह को व्यापारी नेता बैजनाथ प्रसाद साहू, गुलाबचंद गुप्ता और डा. श्रीराम गुप्ता ने भी संबोधित किया। मंच पर नगर के सुरेश जी, आलोक गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, अरुण तिवारी लुडडू बाबा, मनोज प्यारे, आनंद जायसवाल, घनश्याम गुप्ता समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता चंदन कुमार गुप्ता तथा संचालन विजय मद्धेशिया ने किया। देर रात तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बनाए रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *