दुबई में बलिया के मजदूर की मौत: 5 बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, पत्नी की पीएम-सीएम से गुहार—”शव वतन लाया जाए, परिवार को मिले सहारा”

बिल्थरारोड (बलिया)। क्षेत्र के बौल्डी गांव निवासी 45 वर्षीय हरे राम चौहान की दुबई में मौत हो गई। वह पिछले दो वर्षों से परिवार का भरण-पोषण करने और आर्थिक तंगी दूर करने के लिए दुबई में मजदूरी कर रहे थे। 1 जुलाई को उनकी मौत की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल पार्थिव शरीर दुबई में है, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत लाया जाएगा।
बताया जाता है कि हरे राम चौहान दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनके निधन के बाद पत्नी, पांच बेटियां, वृद्ध माता-पिता और पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
परिजनों के अनुसार, हरे राम का वीजा समाप्त हो चुका था, जिस पर करीब डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। वहीं, उन्हें पिछले आठ महीनों से कंपनी की ओर से वेतन भी नहीं मिला था। आर्थिक तंगी के कारण वह स्वदेश लौटने में असमर्थ थे। इसी बीच उनकी मौत की खबर आ गई।
पति की मौत से बदहवास पत्नी ने देश के प्रधानमंत्री  और मुख्यमंत्री  से पति का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने तथा परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पांच छोटी-छोटी बेटियों और वृद्ध सास-ससुर की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर आ गई है।
मृतक के छोटे भाई अखिलेश चौहान ने बताया कि परिवार किसी तरह जुर्माने की व्यवस्था कर उन्हें वापस घर लाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन इससे पहले ही दुखद समाचार मिल गया। उधर, बेटे की मौत से वृद्ध मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण भी पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की मांग कर रहे हैं।

मृतक का फाइल फोटो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *