कठौड़ा सरयू नदी किनारे दाह संस्कार के दौरान विवाद, गोली चलने से चार घायल

बलिया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के कठोड़ा सरयू घाट पर शनिवार दोपहर अंतिम संस्कार के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। मामूली कहासुनी मारपीट में बदल गई और देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि गोली चल गई। इस घटना में चार लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर ले जाया गया, जहां तीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, भटवाचक गांव निवासी 55 वर्षीय मनसा देवी पत्नी मिठाई लाल का निधन हो गया था। परिजन और ग्रामीण उनका दाह संस्कार करने सरयू नदी किनारे कठोड़ा पहुंचे थे। इसी दौरान भटवाचक निवासी वीरेंद्र राजभर और बनहरा गांव निवासी अमरजीत राजभर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ी तो दोनों में मारपीट शुरू हो गई। बताया जाता है कि इसी बीच अमरजीत के साथियों को खबर दी गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और विवाद के दौरान गोली भी चल गई।
गोली लगने से भटवाचक गांव निवासी वीरेंद्र राजभर (30) पुत्र गिरजा और अमलेश राजभर (35) पुत्र गुलाब घायल हो गए। वहीं मारपीट में सुभाष राजभर (70) पुत्र रामदवर और उनके भाई इंद्रजीत राजभर (65) भी चोटिल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में सीएचसी सिकंदरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र, अमलेश और इंद्रजीत को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह और चौकी प्रभारी अश्विनी मिश्रा पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। इस बीच घायलों के परिजनों की अस्पताल में भीड़ लग गई और माहौल गमगीन हो गया।
क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर रजनीश कुमार यादव ने बताया कि गोली चलाने वाले की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। बहुत जल्द आरोपियों को हिरासत में ले लिया जाएगा।
