बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, गहने-नकदी समेत कीमती सामान पार!

बिल्थरा रोड। नगर के मालगोदाम मार्ग स्थित एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए घर में रखे गहने, नकदी व अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने उभांव पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि मकान स्व. काशीनाथ जायसवाल का है, जहां उनकी पत्नी पिछले कुछ समय से इलाज के सिलसिले में बाहर रह रही थीं। शनिवार की शाम जब वह अपने परिजनों के साथ घर पहुंचीं और ताला खोलकर अंदर दाखिल हुईं तो घर का नजारा देखकर दंग रह गईं। कमरों के दरवाजे टूटे पड़े थे, आलमारियों के लॉक क्षतिग्रस्त थे और सामान बिखरा हुआ था।
परिजनों के अनुसार चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और दरवाजों व आलमारियों के ताले तोड़कर घर में रखा कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर सीयर चौकी प्रभारी मुकेश कुमार यादव मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
वहीं पीड़ित पक्ष की ओर से उभांव थाने में लिखित शिकायत देकर चोरी के खुलासे की मांग की गई है। स्थानीय लोगों ने नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *