बकरी चराने गए 13 वर्षीय किशोर की पोखरे में डूबने से दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

बिल्थरा रोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के समसुद्दीनपुर गांव में शनिवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, समसुद्दीनपुर निवासी रविंद्र राजभर का 13 वर्षीय पुत्र सतेंद्र गांव के अन्य बच्चों के साथ बकरी चराने गया था। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए सभी बच्चे पास के पोखरे में नहाने उतर गए। इसी दौरान सतेंद्र गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद सतेंद्र को पोखरे से बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही उभांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
इस दर्दनाक हादसे से समसुद्दीनपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। हर किसी की आंखें नम हैं और परिजन गहरे सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *