धनतेरस व दीपावली के मद्देनजर स्वर्णकार कारोबारियों को मिलेगी पुलिस की तरफ से पूरी सुरक्षा

बिल्थरारोड में आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस व स्वर्ण व्यवसायियों के बीच एक बैठक हुई। बैठक में उभांव एसएचओ ने दीपावली व धनतेरस के दिन अतिरिक्त सुरक्षा के सम्बन्ध में व्यापारियों से राय विमर्श कर उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान दीपावली व छठ पर्व पर रुट डायवर्सन पर भी सहमति दी गई।
बिल्थरारोड स्थित सीयर पुलिस चौकी में रविवार की अपराह्न पुलिस व स्वर्ण व्यवसायियों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उभांव एसएचओ विपिन सिंह ने व्यापारियों से सुरक्षा को लेकर सुझाव मांगा। व्यवसायियों ने अजीमाबाद गली, बाघ वाली गली, कुण्डैल आदि में सुरक्षा प्रबंध की मांग की। उनकी मांग पर एसएचओ ने वहां पुलिस पिकेट की ड्यूटी लगाने का आश्वासन दिया। एसएचओ ने व्यवसायियों से कहा कि यदि धनतेरस व दीपावली पर आपको बैंक में हैवी एकाउंट जमा करने जाना हो तो भी हमें सूचित करें। हम आपके साथ बैंक तक जाने के लिए पुलिस का भी इंतजाम करेंगे। इसी के साथ एसएचओ उभांव ने अपना निजी मोबाइल नंबर भी व्यवसायियों को दिया। कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से आप कभी भी हमसे सम्पर्क कर सकते हैं। बैठक में दीपावली व छठ पर्व के समय वाहनों का डायवर्सन करने पर भी सहमति बनी। एसएचओ ने कहा कि इस दौरान तीन पहिया व चार पहिया वाहन सोनाडीह बाईपास होकर गुजरेंगे। बैठक में सीयर चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार के साथ ही स्वर्ण व्यवसाई मनोज सर्राफ, प्रवीण कुमार वर्मा, बंटी सर्राफ, धर्मेन्द्र सोनी, यशवीर सिंह वर्मन, राजेश वर्मा, विश्वम्भर सोनी, अमित सोनी आदि उपस्थित रहे।
