बिल्थरा रोड में सुरक्षा की नई मिसाल: सभासद परवेज हाम्जा ने निजी खर्च से लगवाए 8 CCTV कैमरे

बिल्थरा रोड नगर के यादव नगर मोहल्ले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। वार्ड सभासद परवेज हाम्जा उर्फ गुड्डू ने अपने निजी खर्च पर मोहल्ले में 8 सीसीटीवी कैमरे लगवाने का कार्य शुक्रवार से शुरू करा दिया है। इस पहल पर लगभग 50 हजार रुपये की लागत आ रही है।
गौरतलब है कि बीते वर्ष यादव नगर में प्रभारी प्रधानाध्यापक देवेन्द्र यादव व आयुष यादव की हत्या तथा छिनैती की घटनाओं ने क्षेत्रवासियों को गहरे सदमे में डाल दिया था। इन घटनाओं के बाद सुरक्षा को लेकर लोगों में भय और असंतोष का माहौल बन गया था।
सभासद गुड्डू ने बताया कि उस समय तत्कालीन पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने भी क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की जरूरत जताई थी। एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने स्वयं आगे बढ़कर यह पहल की।
कैमरे मोहल्ले के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर लगाए जा रहे हैं, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके और भविष्य में किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में पुलिस को ठोस साक्ष्य मिल सके।
नगर क्षेत्र में इस प्रकार की पहल पहली बार की गई है। स्थानीय लोगों ने इसे जनहित में उठाया गया ऐतिहासिक कदम बताते हुए विश्वास जताया है कि इससे अपराध पर अंकुश लगेगा और क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल और मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *