बिल्थरारोड तहसील में मातम: तीसरी मंजिल के कमरे में सफाईकर्मी नंदलाल रावत का शव मिलने से हड़कंप!
बिल्थरारोड। स्थानीय तहसील में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब स्थापना वर्ष 1994 से कार्यरत सफाईकर्मी नंदलाल रावत उर्फ नंदू (55 वर्ष) तीसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में मृत पाए गए। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे घटना को लेकर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह काफी देर तक नंदू अपने कमरे से बाहर नहीं निकले। संदेह होने पर एक कर्मचारी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। रोशनदान से झांककर देखने पर वह अचेत अवस्था में पड़े दिखाई दिए।
तुरंत इसकी सूचना उपजिलाधिकारी शरद चौधरी, नायब तहसीलदार रौशन सिंह तथा उभांव पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों में चौकी इंचार्ज सीयर मुकेश कुमार और एसआई सुमित त्रिपाठी शामिल रहे। दरवाजे की सिटकनी तोड़कर जब अधिकारी अंदर पहुंचे तो नंदलाल अचेत पड़े थे।
इस दौरान सीएचसी सीयर के डॉक्टर विक्रम सेन सोनकर और फार्मासिस्ट अनिल सिंह भी मौके पर पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टर ने नंदलाल को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना उनके पैतृक गांव बांसडीह में परिजनों को दे दी गई है। बताया जाता है कि उनके परिवार में एक पुत्र है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
करीब तीन दशक से तहसील में सेवाएं दे रहे नंदलाल रावत के आकस्मिक निधन से तहसील कर्मचारियों में गहरा शोक व्याप्त है।


