आए दिन हो रहे हैं एक्सीडेंट: पेड़ से टकराई शिफ्ट कार, 30 वर्षीय युवक की मौत; चार गंभीर!

बिल्थरा रोड। क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक दुर्घटना में 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन-चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार उभांव थाना क्षेत्र के चन्दौर कला निवासी धर्मवीर मौर्य के भाई राजन मौर्य अपनी बहन की बेटी के चौथिहार/बहुभोज कार्यक्रम में शामिल होने मऊ जनपद के दुबारी गए थे। कार्यक्रम के बाद देर रात वह शिफ्ट कार से वापस लौट रहे थे। बताया जाता है कि दुबारी पेट्रोल पंप से कुछ दूरी आगे कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राजन मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार तीन-चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि गुरुवार शाम लगभग पांच बजे मटिया गुल्लोरा घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
