गांजा तस्करी से जुड़ाव: बलिया में चार पुलिसकर्मी निलंबित, एसपी की सख्त कार्रवाई


बलिया: जिले में गांजा तस्करी के मामले में लापरवाही और संलिप्तता सामने आने पर एसपी ओमवीर सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी के एक सिपाही सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी एएसपी को सौंपी गई है। एसपी की इस सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

बांसडीह कोतवाली की पुलिस ने हाल ही में दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से तीन किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद हुआ था। पूछताछ में तस्करों ने कई पुलिसकर्मियों पर गांजा लाने और बेचने के एवज में पैसे लेने के आरोप लगाए। सीओ बांसडीह प्रभात कुमार ने यह जानकारी एसपी को दी, जिसके बाद जांच कराई गई।

जांच के बाद एसपी ने एसओजी में तैनात सिपाही विश्वविजय सिंह, बांसडीह रोड थाने के दीवान चंद्रशेखर यादव, नगर कोतवाली के सिपाही मनीष शुक्ल और सतनी सराय चौकी पर तैनात सिपाही सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

बताते चलें कि जिले के कई इलाकों में गांजा तस्करी का गोरखधंधा सक्रिय है। आए दिन इसकी शिकायतें मिलती रहती हैं। कुछ समय पहले नरहीं थाना क्षेत्र में गांजा बिक्री का एक वीडियो वायरल भी हुआ था, जिसने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *