जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, सात लोग घायल!

बिल्थरा रोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के बिल्थरा रोड स्थित पलिया खास गांव में रविवार देर शाम पट्टे की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। इस घटना में सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गांव निवासी धनंजय और उनके साथियों ने यशवंत के पिता कंगाल पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया।
इस मारपीट में लाल बिहारी (36), उनकी पत्नी लालसा देवी (35), माता मुनिया देवी (70), यशवंत (33), उनकी पत्नी गुड़िया (30), विजय कुमार (56) तथा संगीता (30) घायल हो गए।
घायलों के अनुसार, पट्टे की भूमि को लेकर न्यायालय में पहले से ही मामला विचाराधीन है। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि विवादित भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। हालांकि, दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है।
गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इस संबंध में उभांव एसएचओ संजय शुक्ला ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *