बारात में बवाल के बाद 25 वर्षीय युवक ने लगाई फांसी, भाई बोला- “शायद इसी बात से आहत होकर उठा लिया यह कदम”

बलिया। उभाँव थाना क्षेत्र के बेल्थरा बाजार गांव में रविवार की रात बारात के दौरान हुए विवाद के बाद 25 वर्षीय युवक प्रिंस राव की मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी जोगिंदर राम के यहां सिकंदरपुर क्षेत्र के बिजलीपुर गांव से बारात आई थी। बारात के स्वागत के दौरान किसी बात को लेकर धक्का-मुक्की और विवाद हो गया, जो बाद में बवाल का रूप ले बैठा।
मृतक के बड़े भाई दिलीप राव आजाद ने बताया कि बारात के स्वागत के समय हुए विवाद में उन्हें सिर पर चोट लगी और उनके कपड़े भी फट गए। इसी दौरान उनका छोटा भाई प्रिंस राव बीच-बचाव के लिए पहुंच गया। स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने प्रिंस को वहां से हटाकर घर भेज दिया और स्वयं अन्य लोगों के साथ वापस बारात में चले गए।
दिलीप राव के अनुसार, “संभवतः प्रिंस इस बात से आहत हो गया कि उसे वहां से हटा दिया गया और उसके बड़े भाई को चोट लगी। शायद इसी बात को लेकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।”
कुछ देर बाद प्रिंस के फांसी लगाने की सूचना मिली। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रिंस राव की उम्र लगभग 25 वर्ष थी और उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। युवक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक और मायूसी का माहौल है।
घटना की सूचना पर उभाँव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवक की मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
