बिल्थरा रोड: बिचला पोखरा में डूबने से किशन (32) की मौत, परिवार में कोहराम—दो भाइयों में सबसे छोटा था
नगर पंचायत बिल्थरा रोड के वार्ड नंबर पाँच, ठाकुर मंदिर मोहल्ले के किशन (32) पुत्र सीताराम की रविवार दोपहर बिचला पोखरा, रामलीला मैदान के पास डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार किशन नशे की हालत में पोखरे में नहाने उतरा था। नहाते समय वह अचानक गहरे गड्ढे वाले हिस्से में चला गया और बाहर नहीं निकल सका।
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिवारजन अस्पताल पहुंचे। बेटे का शव देखकर माता-पिता व परिजन बिलख पड़े। परिवार के अनुसार किशन दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था और सिलाई का मशीन बनाकर घर चलाता था। उसके अविवाहित होने के कारण परिवार की पीड़ा और बढ़ गई है।
घटना की जानकारी पर उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर अन्य कार्रवाई में जुटी है
अचानक हुई इस घटना से ठाकुर मंदिर मोहल्ला, नगर पंचायत बिल्थरा रोड सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।



