बिल्थरा रोड के पूर्व चेयरमैन के बेटे पर जानलेवा हमला, नामजद समेत 10-12 अज्ञात पर केस!

बिल्थरा रोड (बलिया)
नगर पंचायत बिल्थरा रोड के पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार मधुर के बेटे पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, अशोक कुमार मधुर के पुत्र अमित कुमार मधुर 9 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे कैरम बोर्ड खेलकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।
आरोप है कि बाबू सूखा, आर्यन सिंह, चांद मियां सहित अन्य 10-12 लोगों ने लोहे की रॉड, डंडे और पिस्टल से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। पिस्टल के बट से भी वार किए जाने की बात सामने आई है।
शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों को देखकर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 109(1), 115(2), 351(3) व 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक मुकेश कुमार को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *