बलिया में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर में छह लोग गंभीर रूप से घायल, फायर ब्रिगेड ने निभाई अहम भूमिका


बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के चौकियां मोड़ के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब एक तेज रफ्तार बाइक ने ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और ई-रिक्शा दोनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक सवार संजय गोंड (43 वर्ष, निवासी मझवलिया) और ई-रिक्शा सवार माया देवी (30 वर्ष), परी कुमारी (5 वर्ष), सीमा पांडे (40 वर्ष), सभी निवासी ग्राम अटवां, गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। उसी दौरान चंदाडीह से लौट रही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अपनी गाड़ी से सीयर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विक्रम सोनकर ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति चिंताजनक है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच में जुट गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार की तेज रफ्तार और लापरवाही इस दुर्घटना का मुख्य कारण रही। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। फायर ब्रिगेड कर्मियों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना हो रही है, जिन्होंने समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *