लड़की के ससुराल वालों ने लाठी – डंडे से हमलाकर लड़की व उसके पिता सहित चार लोगों को किया घायल

बिल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के हल्दीरामपुर ग्रामसभा के बाहटपुर मौजे में विवाहिता को पति द्वारा मारने- पीटने को लेकर रविवार को लड़की के पिता व अन्य मायके के लोगो के पहुँचते लड़की के ससुराल वालों ने लाठी – डंडे से हमलाकर लड़की सहित चार लोगों को गम्भीर रूप से घायल कर दिया। लड़की के भाई अभिषेक की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने नामजद मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।घायलों का इलाज सीएचसी सीयर पर कराया गया। जिसमें एक कि स्थिति गम्भीर देख रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार राधेश्याम राजभर की लड़की कंचन की शादी उभांव थाना क्षेत्र के हल्दीरामपुर गांव के बाहटपुर मौजे में कन्हैया राजभर से हुई है। जो शराब के नशे में अपनी पत्नी कंचन को शनिवार को मारपीट दिया था। इस बात को सुनकर कंचन के पिता राधेश्याम राजभर,भाई अभिषेक , प्रियांशु निवासी मोहम्मदपुर बरहिया थाना हलधरपुर जनपद मऊ हालचाल लेने चार पहिया वाहन से रविवार को बाहटपुर कन्हैया राजभर के घर पहुँचे। गाड़ी से उतरते ही कन्हैया व अन्य ने लाठी- डंडे से हमला बोल दिया । जिसे देख कंचन बचाने गयी उसको भी मारपीट कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। हमले में कंचन 37 वर्ष और राधेश्याम राजभर 62 वर्ष पुत्र स्व0 दरसुप्रसाद, भाई अभिषेक 25 पुत्र राधेश्याम, प्रियांशु 18 वर्ष पुत्र विनोद गम्भीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सीएचसी सीयर पर पुलिस की देखरेख में कराया गया। जहाँ डॉक्टर कुशाग्र सिंह ने राधेश्याम की स्थिति गम्भीर देख रेफर कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
