बिल्थरा रोड के कल्याण सिंह बने ‘डॉ. कल्याण सिंह’, पीएचडी में टॉप कर बढ़ाया क्षेत्र का मान!

बिल्थरा रोड क्षेत्र के लिए गर्व की खबर सामने आई है। यहां के निवासी कल्याण सिंह ने अपनी पीएचडी शोध (थीसिस) का वाइवा-वोसे सफलतापूर्वक पूरा कर ‘डॉ. कल्याण सिंह’ की उपाधि हासिल कर ली है। उन्होंने 9.06 सीजीपीए (90.06%) के उत्कृष्ट अंक प्राप्त करते हुए बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया और टॉपर बने।
उनका वाइवा-वोसे भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर), वाराणसी के प्रधान वैज्ञानिक प्रोफेसर विकास सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें उन्होंने अपने शोध कार्य का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया।
डॉ. कल्याण सिंह की इस सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत, धैर्य और लगन को दिया जा रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि पर अपने गुरुजनों, परिवार और मित्रों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विशेष रूप से अपनी शोध मार्गदर्शक डॉ. नीतू का धन्यवाद किया, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया। साथ ही सब्जी विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अजीत सिंह, डीन प्रो. एस. वी. त्रिवेदी, डॉ. डी. के. सिंह, डॉ. शालिनी पुरवार और डॉ. अमित कुमार सिंह के सहयोग को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।
डॉ. कल्याण सिंह ने अपने आध्यात्मिक गुरु स्वामी शिवनारायण जी और गुरु दुखहरन स्वामी सहित माता-पिता, परिजनों और मित्रों का भी आभार जताया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *