सिकन्दरपुर दियर क्षेत्र में मिले मानव अंग, पुलिस जांच में जुटी !

बलिया। शनिवार को लगभग दोपहर 12 बजे थाना सिकंदरपुर क्षेत्र के ग्राम खरीद के दियर इलाके में सनसनी फैल गई जब कुछ स्थानीय लोगों ने खेत में पड़े हुए मानव अंग (हाथ व पैर) देखे। इसकी सूचना तत्काल 112 पर दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी प्रवीण सिंह सिकंदरपुर को जानकारी प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सिकंदरपुर प्रवीण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और देखा कि मानव अंग बुरी हालत में पड़े हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को तत्काल बुलाया गया।
घटनास्थल का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं और भी मानव अंग तो नहीं मिले हैं।
फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह ने एक वीडियो के माध्यम से मामले की पुष्टि करते हुए जानकारी साझा की।
