बिल्थरा रोड स्वर्णकार समाज का होली मिलन समारोह संपन्न !
समाज की एकजुटता का किया आवाहन

बिल्थरारोड /स्वर्णकार समाज की ओर से मंगलवार की शाम एक मैरिज हाल में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में लोगों ने जमकर फूलों की होली खेली तथा एक दूसरे को अबीर गुलाल लगा होली की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हाटा के विधायक मोहन वर्मा व विशिष्ट अतिथि रसड़ा नगर पालिका परिषद के चेयरमैन वशिष्ठ नारायण सोनी ने कुलदेवता संत नरहरि दास जी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक वर्मा ने होली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि होली आपसी द्वेष भुलाकर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने प्रबुद्ध वर्ग खासकर युवाओं से सामाजिक विषमता समाप्त कर समाज के उत्थान में मिलजुल कर प्रयास करने की अपील की। विधायक ने कहा कि सामाजिक एकजुटता के बगैर कोई भी समाज प्रगति के पथ पर अग्रसर नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि समाज के उत्थान के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। विशिष्ट अतिथि सोनी ने कहा कि सामाजिक समरसता कायम रखते हुए संगठन मजबूत कर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने संस्कार युक्त शिक्षा पर जोर देते हुए राजनीतिक भागीदारी का आह्वान किया। इस दौरान लोगों ने सामूहिक रूप से हाथ उठाकर एकजुटता का संदेश दिया। समारोह में रंगारंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। होली गीतों पर लोग थिरकते नजर आए। अतिथियों व समाज के लोगों को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया। इस दौरान लोगों ने विविध व्यंजनों का लुत्फ उठाया। इस मौके पर पारसनाथ वर्मा, सुनील सर्राफ, बनारसी प्रसाद, उमेश वर्मा, दिनेश सर्राफ, मनोज सर्राफ, मोहन सिंह वर्मा, अंचल वर्मा, ओमप्रकाश सर्राफ, धर्मेंद्र सोनी, प्रदीप वर्मा, यशवीर सिंह, सूरज कुमार, बिन्नू वर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *