चलती ट्रेन से उतरने की जल्दबाज़ी पड़ी भारी, महिला गंभीर रूप से घायल बिल्थरा रोड रेलवे स्टेशन पर हुआ हादसा, जिला अस्पताल रेफर !

बिल्थरा रोड रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। रत्नागिरी एक्सप्रेस से उतरने के प्रयास में एक महिला चलती ट्रेन से कूद गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:55 बजे रत्नागिरी एक्सप्रेस स्टेशन से गुजर रही थी। महिला का गंतव्य बिल्थरा रोड था, लेकिन ट्रेन का यहां निर्धारित ठहराव नहीं है। ट्रेन की रफ्तार कम होते ही घबराहट और जल्दबाज़ी में महिला ने उतरने की कोशिश की और प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर गिर पड़ी।
गिरते ही वह बेहोश हो गई, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल एम्बुलेंस की मदद से घायल महिला को सीएचसी सीयर भिजवाया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के सिर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल महिला की पहचान उभांव थाना क्षेत्र के मोलानापुर गांव निवासी नीलम देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने मायके मऊ गई थीं और बिल्थरा रोड लौट रही थीं। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि बिना निर्धारित ठहराव वाले स्टेशनों पर चलती ट्रेन से उतरने या चढ़ने का प्रयास न करें। ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *