गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही

बिल्थरारोड।गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुक्रवार को स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। साथ ही तहसील, थाना, पुलिस चौकी , अस्पताल, नगर पंचायत व अन्य संस्थानों में झंडारोहण किया गया। ठंड पर बच्चों का उत्साह भारी रहा। स्कूलों में ठंड के बावजूद बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान भारत माता की जय के नारे से विद्यालय गुंजायमान हो उठा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों में काफी उत्साह रहा। कोहरे व गलन के बावजूद बच्चे हाथों में तिरंगा लहराते स्कूलों को जाते नजर आए। गणतंत्र दिवस पर सेंट जेवियर्स स्कूल पिपरौली बड़ागांव, नवजीवन इंग्लिश स्कूल, एम एम डी पब्लिक स्कूल ससना बहादुरपुर व न्यू सेंट्रल पब्लिक स्कूल में विविध कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्कूलों में ध्वजारोहण व राष्ट्र गान के बाद बच्चों सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुआ। स्कूलों के छोटे छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम को देख दर्शक वाह वाह कर उठे। इसके पूर्व बच्चों ने ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रीय गान गाया। नगर पंचायत कार्यालय पर चेयरमैन रेनू गुप्ता व उनके प्रतिनिधि दिनेश कुमार गुप्त , सीएचसी सीयर पर अधीक्षक डॉ राकेश कुमार सिंह, तहसील में एसडीएम एआर फारूकी, सेंट जेवियर्स स्कूल में डायरेक्टर डॉ जे आर मिश्र और प्रिंसिपल शीला मिश्रा ने , नवजीवन इंग्लिश स्कूल में प्रिंसिपल ग्रेसी जान, एमएमडी पब्लिक स्कूल में विद्यालय चेयरमैन प्रतीक राज सिंह तो वहीं न्यू सेंट्रल पब्लिक स्कूल में प्रबंधक सतीश दूबे, सीएमबी इंटरनेशनल स्कूल पिपरौली पर व्यवस्थापक सुनील कुमार यादव ने ध्वजारोहण किया। हाड़ कंपाने वाली ठंड पर बच्चों का उत्साह भारी रहा। बच्चों ने अमर शहीदों के प्रति जम कर गगनभेदी नारे लगाए। बच्चों का उत्साह देख विद्यालय पहुंचे उनके अभिभावक भी काफी प्रसन्न नजर आए। कार्यक्रम के बाद मिष्ठान का वितरण हुआ। सभी विद्यालयों ने कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों के प्रति आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *