सोनाडीह मेले में पुलिस को चुनौती: सेवानिवृत्त एसआई का मोबाइल उड़ा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल!

बिल्थरारोड (बलिया):
उभांव थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध सोनाडीह मेले में नवमी के दिन शुक्रवार सुबह लगभग 9 बजे एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मां भागेश्वरी के दर्शन करने पहुंचे एक सेवानिवृत्त एसआई का मोबाइल चोरों ने उड़ा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीमपुरा थाना क्षेत्र के बरनाग बसन्तपुर निवासी सेवानिवृत्त एसआई देवेन्द्र नाथ चौबे अपने परिवार के साथ सोनाडीह स्थित भागेश्वरी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन कर जब वह बाहर निकले, तो उनका ओप्पो मोबाइल पैकेट से गायब मिला। काफी खोजबीन के बावजूद मोबाइल का कोई सुराग नहीं लग सका।
घटना के बाद पीड़ित ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मोबाइल चोरी की एफआईआर दर्ज करा दी है। बताया जा रहा है कि वर्तमान में वह गोरखपुर के गोरखनाथ क्षेत्र में निवास करते हैं और मेले के अवसर पर अपने गांव आए हुए थे।
गौरतलब है कि रामनवमी से शुरू होने वाले इस मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तीन दिन पूर्व ही उभांव थाना प्रभारी संजय शुक्ला द्वारा पुलिस बल के साथ निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद मेले के पहले ही दिन चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले में भीड़ का फायदा उठाकर चोर-उचक्के सक्रिय हो गए हैं और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *