आरएसएस ने बिल्थरा रोड में शुरू किया नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श केंद्र, जनसेवा के नए अध्याय की हुई शुरुआत





बिल्थरा रोड (बलिया)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा विभाग की पहल पर  बिल्थरा रोड नगर में नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श केंद्र का भव्य शुभारंभ हुआ। यह सेवा केंद्र सोनाडीह मार्ग, सेंट जेवियर्स स्कूल के सामने स्थापित किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बलिया विभाग के विभाग प्रचारक श्रीमान अंबेश जी भाईसाहब रहे, जिन्होंने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित, पुष्पार्चन और नारियल फोड़कर सेवा प्रकल्प का उद्घाटन किया।

अपने बौद्धिक में श्री अंबेश जी ने इस पहल को जनहित में ईश्वरीय कार्य बताते हुए कहा कि समाज के बन्धुओं को अपने सहयोग से ऐसे सेवा कार्य आगे बढ़ाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। उन्होंने बताया कि पूरे भारत में संघ के लगभग एक लाख से अधिक सेवा प्रकल्प चिकित्सकों के सहयोग से संचालित होते हैं।

बिल्थरा रोड नगर इकाई द्वारा संचालित यह नि:शुल्क सेवा केंद्र सप्ताह में प्रत्येक सोमवार और मंगलवार को शाम 4 से 7 बजे तक खुलेगा। पहले ही दिन नगर और आसपास से बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष पहुंचे और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।

इस अवसर पर डॉ. चन्दन सिंह राठौर, डॉ. पूजा सिंह और डॉ. पल्लवी सिंह उपस्थित रहीं, जिन्होंने क्षेत्रवासियों की सेवा के लिए अपना समय समर्पित किया। कार्यक्रम में नगर इकाई के स्वयंसेवकों के साथ कई गणमान्य लोग और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *