घाघरा नदी में युवती का शव मिलने के मामले का खुलासा, पिता समेत चार गिरफ्तार


बेल्थरा रोड। उभांव थाना क्षेत्र के करीमगंज घाट स्थित घाघरा नदी में 16 मई को मिले युवती के शव मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण एवं साक्ष्य मिटाने के आरोप में पिता, दो चाचा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी सीज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला व क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक के नेतृत्व में उभांव पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 16 मई को करीमगंज घाट पर घाघरा नदी में एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगना पाया गया। बाद में शव की पहचान निशा (19) पुत्री विसेश्वर निवासी नवादा थाना भीमपुरा के रूप में हुई।
विवेचना में सामने आया कि निशा किसी युवक से प्रेम करती थी और उसी से शादी करना चाहती थी, जबकि परिजन उसकी शादी कहीं और करना चाहते थे। इसी बात को लेकर परिवार द्वारा प्रताड़ित किए जाने से क्षुब्ध होकर उसने घर में फांसी लगा ली।
पुलिस के मुताबिक मौत के बाद मुकदमे और पुलिस कार्रवाई के भय से पिता विसेश्वर, चाचा परशुराम, चाचा श्रीपति प्रसाद तथा बोलेरो चालक इन्दल कुमार ने शव को करीमगंज घाट पर घाघरा नदी में फेंक दिया था।
उभांव पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार सुबह भीमपुरा-मालीपुर रोड से चारों आरोपियों को बोलेरो संख्या UP54Q8676 सहित गिरफ्तार कर लिया। वाहन से आत्महत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद की गई। पुलिस ने बोलेरो को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विसेश्वर, परशुराम, श्रीपति प्रसाद निवासी नवादा थाना भीमपुरा तथा इन्दल कुमार निवासी फरहा लौकी नवादा थाना भीमपुरा शामिल हैं। मामले में थाना उभांव पर मु0अ0सं0 100/2026 धारा 108 व 238बी बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *