सिकंदरपुर में बड़ी कार्रवाई: अतुल्यम हॉस्पिटल सील, गंभीर अनियमितताएं उजागर!

बलिया। सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र में स्थित अतुल्यम हॉस्पिटल पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर रजनीश कुमार और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर के अधीक्षक डॉ. दिग्विजय की संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच में अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच के दौरान पाया गया कि अस्पताल का पंजीकरण अलीगढ़ निवासी डॉ. मसूद के नाम पर है, लेकिन वे मौके पर उपस्थित नहीं थे और उनका संपर्क नंबर भी उपलब्ध नहीं कराया जा सका। वहीं, मौके पर मौजूद बीएएमएस चिकित्सक डॉ. विकसित गौरव भी इस संबंध में संतोषजनक जानकारी देने में असमर्थ रहे।
टीम ने पाया कि 10 बेड वाले इस अस्पताल में मात्र दो पैरामेडिकल स्टाफ ही कार्यरत थे, जो तय मानकों के विपरीत है। इसके अलावा अस्पताल का बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट प्रमाण पत्र भी समाप्त हो चुका था।
सबसे गंभीर बात यह रही कि बिना सर्जन और एनेस्थेटिस्ट की मौजूदगी के ही छह मरीजों का ऑपरेशन किया गया, जो मरीजों की जान के साथ सीधा खिलवाड़ है।
जांच में यह भी सामने आया कि अस्पताल में आवश्यक दस्तावेजों की कमी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। इन सभी खामियों को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील कर दिया।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *