बिल्थरारोड कम उम्र में तेज रफ्तार बाइकिंग, बड़ा हादसा बन सकता है इंतजार – विक्की सिंह ने प्रशासन को किया सतर्क

बिल्थरारोड। क्षेत्र में कम उम्र के बच्चों द्वारा तेज रफ्तार बाइक चलाना अब आम बात होती जा रही है। समाजसेवी विक्की सिंह ने इस गंभीर समस्या पर आवाज उठाते हुए प्रशासन को चेताया है कि यदि जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
विक्की सिंह ने बताया कि कई नाबालिग बच्चे, जिनकी उम्र पंद्रह साल भी नहीं है, बिना लाइसेंस बाइक दौड़ा रहे हैं। ये बच्चे न तो ट्रैफिक नियम समझते हैं और न ही उन्हें किसी दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा होता है। तेज रफ्तार से गली-मोहल्लों और बाजारों में बाइक दौड़ाना आम हो गया है, जिससे आमजन में डर का माहौल है।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि नियमित चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे नाबालिग चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए और उनके अभिभावकों को भी जिम्मेदार ठहराया जाए।
विक्की सिंह ने कहा कि हर किसी को यह याद रखना चाहिए कि एक छोटी सी लापरवाही कई घरों को उजाड़ सकती है। प्रशासन को समय रहते इस पर ध्यान देना चाहिए ताकि कोई अप्रिय घटना होने से पहले ही रोका जा सके।
