रक्षाबंधन से पहले छात्राओं ने निभाई राखी की रस्म, अधिकारियों को बांधी राखी









बेल्थरा रोड। रक्षाबंधन पर्व के एक दिन पूर्व न्यू सेंट्रल पब्लिक अकैडमी, बेल्थरा रोड की छात्राओं ने अनूठी पहल करते हुए क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों को राखी बांधी। छात्राओं ने राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ प्रेम, स्नेह, सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक भाईचारे का संदेश दिया।
छात्राओं ने सर्वप्रथम तहसील परिसर पहुंचकर उपजिलाधिकारी शरद चौधरी, तहसीलदार अजीत सिंह, तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह एवं महामंत्री दिलरोज अहमद को राखी बांधी और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद छात्राएं सीयर ब्लॉक परिसर पहुंचीं, जहां उन्होंने बीडीओ सूर्य प्रकाश, एडीओ पंचायत मनोज कुमार सिंह एवं एडीओ आईएसबी रविभूषण सिंह को राखी बांधी। अधिकारियों ने छात्राओं के इस आत्मीय प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में छात्राएं उभांव थाना पहुंचीं, जहां प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक एवं एसआई सुमित त्रिपाठी को राखी बांधी। वहीं सीयर चौकी पर छात्राओं ने चौकी प्रभारी नीरज यादव को भी राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
छात्राओं की इस पहल से सरकारी कार्यालयों में भी रक्षाबंधन का माहौल खुशनुमा हो गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने छात्राओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, विश्वास, सम्मान और सौहार्द की भावना को मजबूत करते हैं।
विद्यालय परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं त्योहारों के महत्व से परिचित कराने के साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी, सम्मान और भाईचारे की भावना विकसित करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। न्यू सेंट्रल पब्लिक अकैडमी की छात्राओं की यह पहल रक्षाबंधन के मूल संदेश को समाज तक पहुंचाने की एक सुंदर और प्रेरणादायी कोशिश रही।
