बलिया पुलिस का क्रैकडाउन : शिक्षक हत्या व लूटकांड में वांछित बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार !



बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उभांव थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

शनिवार तड़के लगभग 00:10 बजे खनदवा के पास पुलिस चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। रुकने के बजाय बाइक सवार तेजी से भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश नितीश कुमार सिंह उर्फ मोहन सिंह (24 वर्ष) पुत्र राजकुमार सिंह निवासी टोला नन्दपुर कुकर घाटी थाना खामपार, जनपद देवरिया के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह मौके पर दबोच लिया गया। उसका साथी विकास सोनकर पुत्र बाबूलाल निवासी बहरज थाना बरहज, जनपद देवरिया अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार बदमाश नितीश ने अपने साथियों संग 16 सितंबर 2025 को उभांव थाना क्षेत्र में शिक्षक देवेन्द्र प्रताप यादव की गोली मारकर हत्या की थी। साथ ही उसी दिन उसने महिला अध्यापिका राधिका वर्मा और कंचन सिंह से सोने की चेन व अंगूठी की लूट की वारदात को भी अंजाम दिया था।

घायल बदमाश को इलाज के लिए सदर अस्पताल बलिया में भर्ती कराया गया है। उसके पास से एक पिस्टल .32 बोर, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल तथा लूट के गहनों की बिक्री से प्राप्त ₹12,530 नगद बरामद हुए हैं।

फरार बदमाश की तलाश जारी है। पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *