बाइक सवार बदमाश ने महिला से सोने की चेन छीनी, पुलिस पर उठे सवाल !

बिल्थरारोड। पूर्व में हुए शिक्षक हत्याकांड और छिनैती की घटनाओं के बाद भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार अपराह्न लगभग साढ़े 3 बजे उभांव थाना क्षेत्र के कुन्डैल गांव निवासी महिला शंभा देवी पत्नी दीनदयाल के साथ बाइक सवार बदमाश ने छिनैती कर ली।
पीड़िता के पुत्र पंकज द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, शंभा देवी दरवाजे पर खड़ी थीं, तभी हेलमेट लगाए बाइक सवार युवक पहुंचा और बहाना बनाकर कहा कि आपके बेटे पंकज की तबीयत खराब है और सोनाडीह तिनमुहानी पर बुलाया है। महिला घबराकर उसके साथ बाइक पर बैठ गईं। युवक उन्हें सोनाडीह तिनमुहानी ले जाकर वहां उतार दिया और गले में पहनी सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और डायल 112 को सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पीड़िता से पूछताछ की। पंकज ने मामले की लिखित तहरीर उभांव पुलिस को सौंप दी है।
लगातार हो रही छिनैती की घटनाओं से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। इलाके में दहशत का माहौल है।
