बिल्थरा रोड: वार्षिक खेलकूद महोत्सव में दिखा जोश, खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

बिल्थरा रोड (बलिया)। न्यू सेंट्रल पब्लिक एकेडमी के प्रांगण में शनिवार को आयोजित वार्षिक खेलकूद समारोह उत्साह और उमंग के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय तहसील में तैनात उप जिलाधिकारी (न्यायिक) अविनेंद्र सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। अपने बचपन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को खेलते देख ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो वे स्वयं भी एक खिलाड़ी के रूप में मौजूद हों। उन्होंने कहा कि जीवन की यात्रा ने उन्हें खिलाड़ी से निर्णायक की भूमिका में ला खड़ा किया है। विद्यालय के अनुशासित वातावरण की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यदि उन्हें भी ऐसा शिक्षण संस्थान मिला होता तो शायद वे और भी उच्च पद पर आसीन होते।
विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि दिनेश कुमार गुप्त ने शिक्षा के साथ खेल की महत्ता पर प्रकाश डाला और कहा कि पढ़ाई के साथ खेल में रुचि बच्चों के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।
समारोह के समापन अवसर पर सुभासपा विधायक हंसू राम ने कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्व सहभागिता और प्रतिस्पर्धा का होता है। उन्होंने विजेताओं और उपविजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
जिला फुटबॉल संघ के सचिव अरविंद सिंह ने खिलाड़ियों को स्वच्छ खेल भावना की शपथ दिलाई।
विद्यालय के प्रबंधक सतीश दुबे ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी अतिथियों, सहयोगियों और मीडियाकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूजन से हुई। अकादमी परिवार की ओर से अतिथियों को ऊनी शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विधायक हंसू राम ने विजेता एवं उपविजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, योग एवं सूर्य नमस्कार, पिरामिड, पीटी ताली, हुला हूप आदि आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। खेल प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रिले रेस, स्लो साइकिल रेस, 100 व 200 मीटर दौड़ सहित कई स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आनंद कुमार श्रीवास्तव एवं अरीशा ने संयुक्त रूप से प्रभावशाली ढंग से किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *