नहर में कूदने से पहले ही खींच लाए जिंदगी—सिपाही मनीष जायसवाल की बहादुरी चर्चा में !

बिल्थरारोड/अक्सर पुलिस की छवि लोगों के बीच सख्त, लापरवाह या विवादों में घिरी रहने की रहती है। लेकिन कभी-कभार ऐसे वाकये सामने आ जाते हैं जो इस छवि को पलटकर रख देते हैं और यह एहसास दिलाते हैं कि वर्दी के भीतर भी एक धड़कता दिल और संवेदनशील इंसान होता है।

रविवार की रात उभांव थाने के पास ऐसा ही एक वाकया हुआ। करीब 9 बजे एक महिला दूधमुंहे बच्चे को गोद में लेकर नहर में कूदने जा रही थी। पास से गुजर रहे लोगों ने यह दृश्य देखा तो तुरंत थाने के हलके के सिपाही मनीष जायसवाल को खबर दी।

मनीष जायसवाल बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंचे और महिला को कूदने से पहले ही पकड़कर खींच लिया। उनकी फुर्ती और साहस ने न सिर्फ महिला की, बल्कि मासूम बच्चे की भी जान बचा ली।

महिला सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाकर सुरक्षित घर भेज दिया। जानकारी के अनुसार, घरेलू विवाद के कारण उसने यह खतरनाक कदम उठाने की कोशिश की थी।

सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से फैल रहा है और लोग सिपाही की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। वर्दी के इस इंसानी रूप ने लोगों का दिल जीत लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *