खेलो इंडिया वूमेन लीगः बलिया की वैष्णवी ने रचा इतिहास, ताइक्वांडो में जीता स्वर्ण, राष्ट्रीय स्तर में किया क्वालिफाई

बिल्थरारोड रोड (बलिया)। खेलो इंडिया वूमेन लीग 2025-26 की प्रदेश स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बलिया जिले का परचम लहराते हुए बेल्थरा रोड की ताइक्वांडो खिलाड़ी वैष्णवी गुप्ता ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
यह प्रतियोगिता 6 से 8 अगस्त तक कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित हुई, जिसमें वैष्णवी ने कैडेट बालिका 51 किलो भार वर्ग में हिस्सा लिया। फाइनल में उन्होंने देवरिया की खिलाड़ी को कड़े मुकाबले में 9-7 से हराकर स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रीय स्तर में जगह पक्की की।
गौरतलब है कि वैष्णवी खेलो इंडिया में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाली बलिया जिले की पहली ताइक्वांडो खिलाड़ी बनी हैं। सेंट जेवियर्स स्कूल की 14 वर्षीय छात्रा वैष्णवी ने यह सफलता केवल कुछ महीनों की नहीं, बल्कि वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर हासिल की है।
कोच उदित राज गुप्ता ने बताया, “यह पदक अचानक नहीं मिला, इसके पीछे लगातार वर्षों की मेहनत है। वैष्णवी ने खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी संतुलन बनाए रखा और कभी किसी में ढील नहीं दी।” उन्होंने बताया कि वैष्णवी को ताशु ताइक्वांडो अकादमी में प्रशिक्षण दिया गया, जहां वह रोजाना अपने खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए कठिन अभ्यास करती हैं।
वैष्णवी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल बिल्थरारोड , बल्कि पूरे बलिया जिले में गर्व और खुशी की लहर दौड़ गई है। खेल प्रेमियों का मानना है कि राष्ट्रीय स्तर पर भी वैष्णवी अपने दमदार प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन करेंगी।
