बिल्थरारोड में संघ का भव्य पथ संचलन, पूर्ण गणवेश में निकले स्वयंसेवकों पर हुई पुष्पवर्षा
101 वर्ष की यात्रा, अनुशासन और राष्ट्रसमर्पण का संदेश लेकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा संचलन
बिल्थरारोड (बलिया)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बेल्थरा नगर एवं सीयर खंड के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को भव्य पथ संचलन निकाला गया। पूर्ण गणवेश में शामिल सैकड़ों स्वयंसेवकों ने अनुशासित कदमताल के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर संगठन, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया। भारत माता की जय के उद्घोष से नगर का वातावरण गूंज उठा।




कार्यक्रम का शुभारंभ मिडिल स्कूल परिसर में भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर गोरक्ष प्रांत के सह प्रांत कार्यवाह राम विलास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके नेतृत्व में पथ संचलन मिडिल स्कूल परिसर से प्रारंभ हुआ। संचलन चरण सिंह तिराहा, श्याम सुंदरी बालिका इंटर कॉलेज मार्ग और रेलवे स्टेशन सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मिडिल स्कूल परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ।
राष्ट्रसेवा और संगठन पर दिया जोर
समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राम विलास ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना, उद्देश्यों और कार्यपद्धति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ का स्वयंसेवक राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने की भावना से कार्य करता है। हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से संघ ने अपनी 101 वर्षों की यात्रा पूरी की है। उन्होंने राष्ट्रहित, सामाजिक संगठन और समर्पण की भावना को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में जिला कार्यवाह सतीश ने अतिथियों का परिचय कराया। मंच पर सीयर खंड संघचालक प्रेम शंकर और बेल्थरा नगर संघचालक संजय उपस्थित रहे। पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों का अनुशासन और एकरूपता लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर पवन, सर्वजीत, डॉ. अमित, विजय, राम आशीष, सुनील सहित संघ के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी जिला प्रचार प्रमुख आलोक गिरी ने दी।
