बलिया के जवान ने सोनभद्र में खुद को मारी गोली, मौके पर मौत !

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के अमवार स्थित पीएसी कैंप में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई। बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के आलमपुर निवासी सिपाही संदीप सिंह (26) पुत्र विनोद सिंह खरवार ने ड्यूटी के दौरान खुद को सर्विस रायफल से गोली मार ली। गोली लगते ही मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, संदीप सिंह 39वीं बटालियन जी कंपनी मिर्जापुर में तैनात थे। हाल ही में वे पांच अगस्त को वाराणसी में वीवीआईपी ड्यूटी पूरी करने के बाद अमवार पीएसी कैंप पहुंचे थे। गुरुवार रात उनकी ड्यूटी 2 से 4 बजे तक थी। ड्यूटी खत्म होने के बाद सुबह करीब 4 बजे उन्होंने अपनी एसएलआर राइफल गर्दन पर सटाकर ट्रिगर दबा दिया। गोली गर्दन चीरते हुए सिर को भेद गई।
गोली की आवाज सुनकर कैंप में मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे और तुरंत उन्हें सीएचसी दुद्धी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ राजेश कुमार राय, पीएसी नक्सल इंचार्ज देव नारायण यादव और डिप्टी कमांडेंट विजय आनंद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है।
