भाजपा बूथ अध्यक्ष भास्कर राय का सड़क हादसे में दर्दनाक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर!



बिल्थरारोड/उभांव।
क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसे ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। ग्राम सभा गौवापार (कुर्मीपुरा) मालीपुर निवासी तथा भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष भास्कर राय (37) पुत्र स्वर्गीय चन्द्रशेखर राय का बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भास्कर राय रात करीब 9 बजे बिल्थरारोड से अपने गांव मालीपुर की ओर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान तिरनई खीजीरपुर और बिङहरा के बीच उनकी बाइक एक बछड़े से टकरा गई, जिससे संतुलन बिगड़ गया। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रहे एक ई-रिक्शा से भी उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस दुखद सूचना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा नेता और समाजसेवी शशि चौरसिया ने घटना की सूचना उभांव पुलिस को दी और दुख व्यक्त करते हुए इसे भाजपा परिवार और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

बताया गया है कि भास्कर राय की शादी हो चुकी थी, और वह दो बच्चों के पिता थे। दो भाइयों में वे बड़े थे, तथा अपने परिवार के साथ गांव में रहकर खेती-किसानी से जुड़े थे।

उनके असमय निधन से परिजन ही नहीं, बल्कि पूरे गांव और भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *