नगरा (बलिया) में खौफनाक कांड: दामाद बना हैवान, ससुराल में घुसकर पत्नी-सास की गला रेतकर हत्या, ससुर जिंदगी-मौत से जूझ रहे!
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के हसनपुर उर्फ बछईपुर (छोटकापुरा) गांव में देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद के चलते दामाद ने ससुराल पहुंचकर धारदार हथियार से अपनी पत्नी और सास की निर्मम हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए ससुर को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंतू गुप्ता (55 वर्ष) की पुत्री प्रीति गुप्ता (24 वर्ष) की शादी करीब 5 वर्ष पूर्व अमित कुमार गुप्ता उर्फ धनु उर्फ हंटर निवासी सिंघाचवर थाना गड़वार से हुई थी। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते प्रीति बीते 15 दिनों से मायके में रह रही थी।
बताया जा रहा है कि रात्रि लगभग 1:00 बजे आरोपी अमित कुमार गुप्ता ससुराल पहुंचा और अचानक हमला कर दिया। उसने धारदार हथियार से पत्नी प्रीति और सास सुशीला देवी (50 वर्ष) के गले पर वार किया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान शोर सुनकर जब ससुर अंतू गुप्ता बचाने पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल बलिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश जारी है।
